Header Ads Widget

जौनपुर : शिक्षक विधायक ओम प्रकाश शर्मा के निधन पर शोक

 1992 तक शिक्षकों को मिलने वाली उपलब्धियों में शर्मा जी का अहम योगदान : रमेश सिंह 


✍️इन्द्रजीत सिंह मौर्य / मोहम्मद अरशद
जौनपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पिछले आधी शताब्दी से शिक्षक राजनीति के शिखर पर रहे ओमप्रकाश शर्मा के निधन पर माध्यमिक शिक्षक संघ जौनपुर के जिलाध्यक्ष सरोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में रविवार को ग्रामोदय इन्टर कालेज गौराबादशाहपुर में शोकसभा का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के सैकड़ों शिक्षकों द्वारा उन्हें श्रद्धान्जलि अर्पित की गयी।
शोकसभा को संबोधित करते हुए माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष  रमेश सिंह ने कहा कि 1992 तक हम शिक्षकों को जो भी उपलब्धियां मिली, उसमें शर्मा जी का भी योगदान रहा। शर्मा जी पिछले आठ बार से लगातार विधान परिषद् में शिक्षकों की आवाज बनकर छाए रहे लेकिन इस चुनाव में सरकार और सत्ताधारी पार्टी ने छल करके  इन्हें हरा कर शिक्षक राजनीति और संघर्षों को कमजोर करने का काम किया है जिसका खामियाजा सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना होगा।

माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री डा. राकेश सिंह ने स्व. शर्मा जी को माध्यमिक शिक्षा अधिनियमों/ नियमों और विधायी विधियों का मर्मज्ञ बताते हुए शिक्षक संघर्षों के महान योद्धा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे माध्यमिक शिक्षा और शिक्षकों की अपूरणीय क्षति बताया।
मंडलीय मंत्री व प्रधानाचार्य डा. प्रमोद श्रीवास्तव व जिलाध्यक्ष सरोज कुमार सिंह ने शर्मा जी के निधन को एक युग का अंत बताते हुए  कहा शर्मा जी के निधन से शिक्षक राजनीति में आयी कमी को किसी भी प्रकार से भरा नहीं जा सकेगा। बैठक का संचालन जिला मंत्री तेरस यादव ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ