दागी विद्यालयों को किसी भी कीमत पर न बनाएं परीक्षा और मूल्यांकन केंन्द्र, रमेश सिंह

धमकी, मांगों को अगर जिला प्रशासन ने किया नजरअंदाज तो सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगा शिक्षक संघ

माध्यमिक शिक्षक ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर जताया कड़ा एतराज



✍️ इन्द्रजीत सिंह मौर्य/मोहम्मद अरशद

  जौनपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षा और बीटीसी यानी डीएलएड परीक्षा में किसी भी दागी विद्यालय को परीक्षा केंद्र ना बनाया जाए। क्योंकि ऐसे विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाए जाने से जहां शिक्षा माफियाओं की मुरादें पूरी होती है, वही प्रदेश स्तर पर जौनपुर जनपद की छवि भी धूमिल होती है।  
वह बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाने के सम्बंध में एक मांग पत्र सौंपने के बाद कलक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।  
प्रदेश के वरिष्ठ शिक्षक नेता रमेश सिंह ने मांग किया  कि जनपद में स्वच्छ छवि वाले विद्यालयों को ही मूल्यांकन केन्द्र बनाया जाय, और किसी भी कीमत पर दागी विद्यालयों को मूल्यांकन केन्द्र न बनाया जाय ।
क्योंकि पूर्व में ऐसे कई विद्यालयों द्वारा कापियों के संकलन, बी0टी0सी0 परीक्षा एवं बोर्ड परीक्षा की कापियों के मूल्यांकन के दौरान जिस तरह सुचिता को तार-तार कर दिया गया।
उससे जिला प्रशासन को प्राथमिकी दर्ज कराते हुए एक प्रधानाचार्य को जेल भी भेजना पड़ा था। इतना ही नहीं कई परीक्षा केंद्रों पर सेटिंग वेटिंग करके नकल कराने और मूल्यांकन में बड़े पैमाने पर खेल भी किया गया था।
 जिससे न केवल सम्बन्धित विद्यालय बल्कि पूरे जनपद की प्रतिष्ठा मिट्टी में मिल गयी थी। 
ऐसी स्थिति में यदि दागी विद्यालयों को मूल्यांकन केन्द्र बनाया जाता है तो एक बार फिर जनपद को शर्मसार होना पड़ सकता है। 
अतः संगठन जिलाधिकारी श्री वर्मा से यह मांग करता है कि, जनपदीय गरिमा की रक्षा के लिए दागी विद्यालयों को कत्तई मूल्यांकन केन्द्र न बनाया जाय। अन्यथा संगठन को विवश होकर आन्दोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।


 


♦️बीटीसी परीक्षा में नकल कराने का हो चुका है खुलासा

जौनपुर।  पूर्वी उत्तर प्रदेश में जौनपुर जनपद शिक्षा माफियाओं का गढ़ रह चुका है ।
यहां यूपी बोर्ड माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित  हाई स्कूल इंटरमीडिएट परीक्षा की डुप्लीकेट कॉपी छापने से लेकर बीटीसी परीक्षा में भी पैसे लेकर नकल कराए जाने का बड़ा खुलासा हो चुका है । इस आरोप में जौनपुर की लाइन बाजार थाना पुलिस ने एक पुस्तक भंडार केंद्र के मालिक को जेल भेज चुकी है । जबकि टीडी इंटर कॉलेज में बीटीसी परीक्षा में नकल कराने के आरोप में वहां के तत्कालीन केंद्र व्यवस्थापक को भी जेल भेजा जा चुका है।  उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ नेता रमेश सिंह की शिकायत कुछ ऐसे ही बिंदुओं को लेकर है। 
 शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाले शिक्षा माफियाओं के खिलाफ रमेश सिंह की आवाज हमेशा ही बुलंद होती रही है।