कुर्सी के लालच में संजय निषाद ने भाजपा से किया है वोटों की सौदेबाजी, मुकेश साहनी
हेलीकॉप्टर से जनसभा करने आए बिहार के मंत्री ने संजय निषाद पर साधा जमकर निशाना
जौनपुर में विशाल रैली कर वीआईपी पार्टी ने प्रदेश सरकार को लिया आड़े हाथ
✍️इन्द्रजीत सिंह मौर्य/मोहम्मद अरशद
जौनपुर। विकासशील एवं इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक व बिहार सरकार में पशुधन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश साहनी के साथ उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी लौटन राम निषाद ने बुधवार को जौनपुर के बीआरपी कॉलेज मैदान में निषाद समाज की विशाल रैली को संबोधित कर
कहा मिशन 2022 में वीआईपी सूबे की 169 सीटों पर मजबूती के साथ चुनावी ताल ठोकेगी। यह दावा करते हुए पार्टी के मुखिया मुकेश साहनी ने यहां आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.संजय निषाद ने अपने फायदे के लिए भाजपा से निषाद, मछुआरा समाज समाज के वोटो का समझौता कर लिया है,
फिर भी हमारा समाज उनके झांसे में आने वाला नहीं।
उन्होंने कहा कि 2018 में बिहार में पार्टी बनाने के बाद डाक्टर साहब से सम्पर्क किया। उनसे कहा कि बिहार में निषाद समाज को हम एकजुट कर मजबूत कर रहे हैं और यूपी में आप देखिए। परन्तु डाक्टर साहब खरे नहीं उतरे।
आरोप लगाया कि कभी पुत्र मोह में सपा के साथ गए तो कभी कुर्सी की लालच में भाजपा के साथ हो गए। इसलिए उन्हें छोड़ दिया। हद तो तब हो गई जब वे एमएलसी पद की लालच में लुढक गए।
विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी ने कहा कि 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में ‘आरक्षण नहीं तो गठबंधन नहीं, नारा होगा’। उत्तर प्रदेश में रैली करने का मुख्य उद्देश्य है कि दिल्ली सरकार को यह सूचना देना है कि केवल एक निषाद से गठबंधन करने से काम नहीं चलेगा।
मुकेश साहनी ने कहा कि बिहार में समाज की ताकत के बदौलत आज स्थितियों में काफी बदलाव आ गया है। बिहार के मछुआरा समाज के लिए 200 करोड़ की लागत से मछली बाजार बनाया जा रहा है। वहां निषाद समाज के लिए 90 फीसदी अनुदान है। चाहे वे मत्स्य पालन करें, खेती करें, पशुपालन करें सभी के लिए 90 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
बिहार प्रदेश से हेलीकॉप्टर से आए मुकेश साहनी ने जौनपुर में अपनी जनसभा के बहाने समाज के वोटों पर अच्छी पकड़ बनाई।
पार्टी मुखिया के सम्मान में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जोशीले नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत करती रही।
जनसभा के अंत में अपने समर्थकों का अभिवादन करते हुए मुकेश साहनी बिहार के लिए रवाना हो गए।
0 टिप्पणियाँ