अपहरण व पॉक्सो का फरार आरोपी शाहगंज में गिरफ्तार
पांच महीने से चल रहा था फरार, पुलिस ने चिरैया मोड़ से दबोचा
17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप
✍️रिपोर्ट : नौशाद मंसूरी
शाहगंज (जौनपुर)। अपहरण और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को शाहगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहृत किशोरी मामले में वांछित अभियुक्त शशिकांत उर्फ महादेव बिंद को चिरैया मोड़ क्षेत्र से धर दबोचा।
मामला 10 जून 2025 का है। रामपुर गांव की 17 वर्षीय किशोरी को आरोपी शशिकांत उर्फ महादेव बिंद बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। किशोरी के पिता की तहरीर पर थाना शाहगंज में मुकदमा अपराध संख्या 198/2025 दर्ज किया गया था। केस में धारा 137(2), 87, 64 भारतीय न्याय संहिता 2023 के साथ 3/4 पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं लगाई गई थीं।
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर 6 दिसंबर की शाम लगभग 5:15 बजे उपनिरीक्षक रामविलास व पुलिस टीम ने चिरैया मोड़, शाहगंज से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ