इलाज के बहाने अस्पताल में छोड़ी तीन माह की मासूम, माता-पिता फरार
आईसीयू में जिंदगी से जूझती रही बच्ची, मानवता ने फिर भी नहीं तोड़ा दम
रिपोर्ट:नौशाद मंसूरी✍️
शाहगंज (जौनपुर)। इलाज के नाम पर तीन माह की एक मासूम बच्ची को अस्पताल में छोड़कर उसके माता-पिता फरार हो गए। यह हृदयविदारक घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। गनीमत रही कि डॉक्टरों की संवेदनशीलता और चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता से बच्ची की जान बच गई और अब वह सुरक्षित हाथों में है।
खुद को पति-पत्नी बताकर अस्पताल पहुंचे थे दोनों
22 जनवरी को शाहगंज नगर के डिहवा भादी स्थित चाइल्ड केयर हॉस्पिटल में एक महिला और पुरुष तीन माह की बच्ची को लेकर पहुंचे। उन्होंने अपना नाम सुषमा और संदीप बताया तथा स्वयं को पति-पत्नी और निवासी लालगंज, जनपद आजमगढ़ बताया। दोनों ने बच्ची की गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए तत्काल इलाज की मांग की।
गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने तुरंत किया आईसीयू में भर्ती
नवजात एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. महफूज अहमद ने बच्ची की जांच की तो उसकी हालत बेहद नाजुक पाई गई। बच्ची को दौरे पड़ रहे थे और अन्य गंभीर चिकित्सकीय समस्याएं थीं। बिना देर किए उसे आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। निरंतर इलाज और निगरानी से बच्ची की हालत में धीरे-धीरे सुधार होने लगा।
इलाज के बीच मासूम को छोड़कर चुपचाप खिसक गए माता-पिता
अस्पताल में दो दिन तक रहने के बाद 24 जनवरी को बच्ची के माता-पिता अचानक गायब हो गए। अस्पताल प्रशासन ने दिए गए पते पर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अस्पताल संचालक ने पूरे मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
डॉक्टर की दरियादिली से बची मासूम की जान
माता-पिता के फरार होने के बावजूद डॉ. महफूज अहमद और अस्पताल स्टाफ ने बच्ची का इलाज नहीं रोका। पूरी मानवीय संवेदना के साथ इलाज जारी रखा गया, जिससे बच्ची पूरी तरह स्वस्थ हो गई।
पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन ने संभाली जिम्मेदारी
बच्ची के भविष्य को लेकर सवाल खड़े होने पर पुलिस की मदद से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। गुरुवार देर रात जौनपुर से पहुंची चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बच्ची को अपने संरक्षण में ले लिया।
डॉ. महफूज अहमद ने कहा
डॉ. महफूज अहमद ने बताया कि 22 जनवरी को तीन माह की बच्ची को इलाज के लिए लाया गया था। माता-पिता दो दिन बाद लापता हो गए। पुलिस को सूचना दी गई और अब बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया है। बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है।
*मामले पर क्या कहा प्रभारी निरीक्षक ने*
प्रभारी निरीक्षक किरण कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची को भर्ती कराने वाले लोग नहीं मिल सके। नियमानुसार बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन सेंटर जौनपुर भेज दिया गया है।
0 टिप्पणियाँ