Header Ads Widget

कंपोजिट विद्यालय आदर्श केराकत में 'नव आरंभ' कार्यक्रम का आयोजन

कंपोजिट विद्यालय आदर्श केराकत में 'नव आरंभ' कार्यक्रम का आयोजन

​नवागत छात्रों का माला पहनाकर हुआ स्वागत,

मेधावियों को मिले परीक्षा फल 

✍️रिपोर्ट : मोहम्मद असलम खान

​केराकत , जौनपुर। स्थानीय नगर के वार्ड शेखजादा द्वितीय स्थित कंपोजिट विद्यालय आदर्श में बुधवार को शैक्षिक सत्र 2026-27 के 'नव आरंभ' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

​कार्यक्रम का शुभारंभ नवागत छात्रों के स्वागत से हुआ। मुख्य अतिथि सभासद मनोज कुमार यादव ने विद्यालय में प्रथम बार प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को माला पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए उन्हें विद्यालय की ओर से कॉपी, पेंसिल, रबर, कटर और 'ज्ञान भारती' पुस्तक का किट प्रदान किया गया।

इस अवसर पर ​सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षा में सफलता का परचम लहराने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रगति पत्र (Report Card) वितरित किए गए। इस दौरान अगली कक्षा में प्रोन्नत होने की खुशी बच्चों और अभिभावकों के चेहरे पर साफ झलक रही थी। 

​विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री मोहियुद्दीन अंसारी ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक और अभिभावक का तालमेल आवश्यक है। उन्होंने सभासद और समस्त अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की प्रगति में सहयोग की अपील की।

​कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के बच्चों के लिए विशेष भोज का प्रबंध किया गया था। जिसमें बच्चों को भोजन के साथ स्वादिष्ट खीर परोसी गई। वहीं, कार्यक्रम में सम्मिलित हुए अभिभावकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और भारी संख्या में गणमान्य नागरिक व अभिभावक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ