व्यापार मंडल ने नगर पंचायत प्रतिनिधि पर भ्रष्टाचार के लगाए गंभीर आरोप
सरकारी जमीन कब्जा, सीसीटीवी खरीद और टैक्स वसूली पर उठे सवाल
चेयरमैन प्रतिनिधि ने आरोपों को बताया निराधार, साजिश करार
✍️रिपोर्ट : मोहम्मद असलम खान
केराकत (जौनपुर)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, केराकत इकाई ने शनिवार को आयोजित तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रभारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने का आरोप लगाया और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।
व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, नगर अध्यक्ष प्रदीप कमलापुरी (पिंकू), नगर महामंत्री दयाराम गुप्ता व कोषाध्यक्ष राजेश साहू के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में तीन प्रमुख मामलों को उठाया गया है।
ज्ञापन के अनुसार, आराजी संख्या 196/6 बंजर खाते की सरकारी भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया है। व्यापार मंडल द्वारा कई बार तहसील दिवस पर भूमि की पैमाइश के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की खरीद में अनियमितता का आरोप लगाया गया है। व्यापारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर लगभग 18 लाख रुपये की लागत से लगाए गए कैमरे घटिया गुणवत्ता के हैं, जिससे उनकी उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
तीसरा आरोप नगर पंचायत द्वारा कथित रूप से मनमाने ढंग से टैक्स वसूली का है। व्यापार मंडल का कहना है कि जहां अन्य नगर पालिकाओं—जौनपुर, जफराबाद, मड़ियाहूं और शाहगंज—में सीमित कर ही लिए जाते हैं, वहीं केराकत में चार प्रकार के टैक्स वसूले जा रहे हैं, जिससे आम जनता और व्यापारी वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
व्यापार मंडल ने प्रभारी अधिकारी से मांग की है कि सभी मामलों की गहन जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर भाजपा केराकत मंडल उपाध्यक्ष रितेश साहू, युवा नेता अवतार सोनकर, अमरीश उपाध्याय, राजेंद्र प्रसाद, इरफान अहमद, आजाद कुरैशी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं, चेयरमैन प्रतिनिधि कृष्णा जायसवाल ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि शिकायतकर्ता उनके विरोधी गुट के लोग हैं, जो समय-समय पर इस प्रकार की शिकायतें करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ सीसीटीवी कैमरे शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए हैं, जिन्हें दुरुस्त कराया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ