Header Ads Widget

आकाशीय बिजली गिरने से धान की रोपाई कर रही चार महिलाएं झुलसीं

आकाशीय बिजली गिरने से धान की रोपाई कर रही चार महिलाएं झुलसीं

धान की रोपाई के दौरान हुआ हादसा, अस्पताल में भर्ती
✍️रिपोर्ट : मोहम्मद अरशद

खेतासराय (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कलापुर गांव में मंगलवार दोपहर को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई। धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार महिलाएं झुलस गईं। सभी को परिजनों ने तुरंत खेतासराय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

जानकारी के अनुसार कलापुर निवासी गीता (48) पत्नी सोहन राजभर, विमला (52) पत्नी रामअचल राजभर, उनकी बेटी उमा (18) और रामपत्ती (50) पत्नी मोहन राजभर पहलमापुर गांव के एक खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। दोपहर करीब तीन बजे अचानक तेज बारिश के साथ बादलों की गड़गड़ाहट शुरू हुई। इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली खेत में गिरी। बिजली गिरते ही सभी महिलाएं मौके पर झुलसकर गिर पड़ीं।
परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह चारों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर भर्ती कर लिया।

डॉक्टरों के अनुसार झुलसीं महिलाओं को आंशिक बेहोशी और शरीर में जलन की शिकायत थी। प्राथमिक इलाज के बाद हालत में सुधार है।

गांव के लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में बिजली गिरने की घटनाएं पहले भी हुई हैं, लेकिन एक साथ चार महिलाओं के झुलसने का यह पहला मामला है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ