जनसेवा की मिसाल बने दिनेश चौधरी, हर दरवाजे पर दस्तक से मजबूत हो रहा भरोसा
गांव-गांव जनसंपर्क अभियान तेज, पूर्व विधायक बोले जनता का आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत
✍️रिपोर्ट : मोहम्मद असलम खान
केराकत, जौनपुर। क्षेत्र की राजनीति में सक्रियता और संवेदनशीलता का संगम बन चुके पूर्व विधायक केराकत दिनेश चौधरी इन दिनों अपने सघन जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा में हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में वे लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों के बीच संवाद स्थापित कर रहे हैं। प्रदेश परिषद सदस्य और राष्ट्रीय रजक महासंघ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारियों के साथ-साथ वे सामाजिक दायित्वों को भी पूरी प्रतिबद्धता से निभा रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों से वे क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर परिवारों के सुख-दुख में सहभागी बन रहे हैं। किसी घर में शोक की घड़ी हो तो संवेदना प्रकट करने स्वयं पहुंच रहे हैं, तो कहीं मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे बिना भेदभाव हर व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनते हैं और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से तत्काल संवाद करते हैं।
जनता के बीच उनकी सहज उपलब्धता और सरल व्यवहार ने उन्हें एक भरोसेमंद जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया है। समर्थकों का कहना है कि दिनेश चौधरी का जनसंपर्क अभियान केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों का विस्तार है।
इस मौके पर पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने कहा केराकत की जनता ने मुझे हमेशा स्नेह और आशीर्वाद दिया है। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। मैं राजनीति को सेवा का माध्यम मानता हूं। क्षेत्र के हर परिवार की खुशहाली और समस्याओं के समाधान के लिए मैं 24 घंटे तत्पर हूं। विकास और जनहित के मुद्दों पर निरंतर कार्य करना ही मेरा लक्ष्य है।
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसे मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्य कराया जा रहा है और भविष्य में भी जनहित के कार्यों को गति दी जाएगी।
जनसंपर्क की यह निरंतरता साफ संकेत दे रही है कि पूर्व विधायक जनता से सीधा संवाद बनाए रखने की रणनीति पर मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उनका जनाधार और विश्वास दोनों मजबूत होते नजर आ रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ