शाहगंज में शराब के नशे में भाइयों के बीच खूनी झगड़ा, छोटे भाई की मौत
धक्का लगने से गिरा युवक, मौके पर ही तोड़ा दम; आरोपी सौतेला भाई हिरासत में, गांव में पसरा सन्नाटा
✍️रिपोर्ट:नौशाद मंसूरी
शाहगंज (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के ताखा पूरब गांव में बुधवार रात शराब के नशे में दो सौतेले भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी रूप ले बैठा। हाथापाई के दौरान छोटे भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ताखा पूरब निवासी 24 वर्षीय सुदर्शन पुत्र स्व. विजय राज यादव और उसके 32 वर्षीय सौतेले भाई अरविंद के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। बुधवार रात करीब आठ बजे दोनों भाई शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
बताया जाता है की झगड़े के दौरान अरविंद ने सुदर्शन को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। गिरने के बाद वह उठ नहीं सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार और गांव में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि दोनों भाइयों की अभी शादी नहीं हुई थी और दोनों शराब के आदी थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपी अरविंद को हिरासत में ले लिया।
*विधिक कार्रवाई जारी – सीओ*
क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में हुए विवाद का प्रतीत हो रहा है। दोनों सौतेले भाइयों के बीच मारपीट के दौरान सुदर्शन की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ