कल से रहमतों का महीना रमजान शुरू
रमजान को लेकर शाहगंज में पीस कमेटी की बैठक
आपसी सौहार्द व भाईचारे से त्योहार मनाने की अपील
✍️रिपोर्ट : नौशाद मंसूरी
शाहगंज। पवित्र माह रमजान को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को शाहगंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डिप्टी एसपीअजीत सिंह चौहान ने की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह सहित नगर के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में डिप्टी एसपी अजीत सिंह चौहान ने कहा कि रमजान आपसी भाईचारे, संयम और इबादत का महीना है। इस दौरान सभी लोग कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने त्योहार के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली-पानी तथा यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह ने कहा कि थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने सभी समुदायों से अपील की कि त्योहार को आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं, जिससे क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव का वातावरण बना रहे।
बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि 19 फरवरी से रमजान का पहला रोजा शुरू हो रहा है, जिसे लेकर मुस्लिम समुदाय में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मस्जिदों में तरावीह की नमाज अदा की जा रही है और घरों में इबादत का सिलसिला शुरू हो गया है।
0 टिप्पणियाँ