रहमतों का पाक महीना है रमजान, तैयारियां पूरी
खेतासराय, ।
रमजान का पाक महीना शुरू होने से पहले मुस्लिम समाज ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। घरों और मस्जिदों की सफाई के साथ सजावट का काम भी मुकम्मल किया गया है। बुधवार को अगर चांद दिखाई देता है, तो गुरुवार से रमजान का पहला रोजा रखा जाएगा। बाजारों में खजूर, सेंवई और सूखे मेवे की खास रौनक है। लोग रमजान के लिए आवश्यक सामान खरीद रहे हैं। मस्जिदों में विशेष नमाज और तरावीह के इंतजाम किए गए हैं। मदरसा अहले सुन्नत एजाजुलउलूम के मुफ्ती ओवैस अहमद मिस्बाही ने बताया कि रमजान नेकियों और इबादतों का महीना है। इस दौरान हर नेक काम का सवाब कई गुना बढ़ जाता है। रात की तरावीह नमाज और शबे कद्र की रात का विशेष महत्व है। रमजान का पहला अशरा रहमत, दूसरा मगफिरत और तीसरा जहन्नम से निजात का होता है। यह महीना इंसान को तकवा, इंसानियत और अल्लाह के करीब लाने का
सुनहरा अवसर प्रदान करता है। रोजेदार और इफ्तार कराने वाले दोनों को बराबर सवाब मिलता है।
---इनसेट---
माह-ए-रमजान की तैयारी, खूब बिक रहे सेवई और खजूरः
रमजान उल मुबारक के महीने को लेकर गौराबादशाहपुर में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। बाजारों में सेवई, खजूर व पापड़ चिप्स, मेवा मसाला और फलों की दुकानें सज गयी हैं। मस्जिदों की साफ सफाई के साथ ही सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। रमजान के मुबारक महीने को लेकर मुस्लिम बंधुओं में काफी उत्साह है। मदरसा रफीकुल इस्लाम के मौलाना दाऊद आलम ने बताया कि रमजान का महीना बहुत ही बरकत व रहमत वाला है। इस महीने इबादत का सवाब 70 गुना बढ़ जाता है। इस महीने रोजे रखकर खूब इबादत करनी चाहिए। गुनाहों से माफी भी मांगनी चाहिए। इस पूरे महीने चलने वाले रोजे के साथ ही विशेष नमाज तरावीह का भी खास इंतेजाम मस्जिदों में किया जा रहा है।
----इनसेट---
रमजान और होली को लेकर शांति समिति बैठक
जौनपुर। रमजान और होली को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक की। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान बिजली की आपूर्ति लगातार बनी रहे और सड़कों की मरम्मत तुरंत कराई जाए। शहर में साफ-सफाई की जिम्मेदारी ईओ को और गांवों में स्वच्छता की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी को दी। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी और त्योहार पुराने तरीके से ही मनाए जाएंगे। धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज परिसर तक सीमित रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने बताया कि पुलिस पूरी तरह तैयार है और सोशल मीडिया पर नजर रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी।
0 टिप्पणियाँ