Header Ads Widget

दहेज प्रताड़ना के बीच विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

दहेज प्रताड़ना के बीच विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

जहर खाने की बात कह रहे ससुराल वाले, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की जांच
रिपोर्ट : नौशाद मंसूरी

शाहगंज (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना के एक और मामले ने गंभीर रूप ले लिया, जहां 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुरिस निवासी रमेश गौंड की पुत्री नंदनी गौंड का विवाह वर्ष 2023 में ताखा पूरब निवासी विशाल गौंड के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर नंदनी को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
बुधवार सुबह ससुराल से नंदनी के मायके फोन कर बताया गया कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। सूचना मिलते ही परिजन शाहगंज के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद उसे जौनपुर और फिर वाराणसी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही नंदनी ने दम तोड़ दिया।
मृतका की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देर शाम परिजन शव को कोतवाली लेकर पहुंचे और पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी।

इनसेट में


कोतवाली प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ