टाई नाले का निर्माण कार्य धीमी रफ्तार से जारी, राहगीरों को झेलनी पड़ रही भारी परेशानी
✍️रिपोर्ट: मोहम्मद असलम खान
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र अंतर्गत औरी गांव के पास जौनपुर–गाज़ीपुर ख़ुज्झी मार्ग पर स्थित टाई नाले की पुलिया टूटने के बाद से चल रहा निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा लगभग दो वर्षों से मरम्मत व पुनर्निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन कार्य की धीमी प्रगति के चलते राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद नीचे से आवागमन को लेकर यातायात व्यवस्था शुरू की गईं है।
अस्थायी व्यवस्था के तहत वाहनों को संकरे रास्ते से निकाला जा रहा है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। खासकर सुबह और शाम के समय स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और व्यापारियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। कीचड़ और जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन का खतरा बना रहता है, वहीं पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों का कहना है कि जौनपुर–गाज़ीपुर मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन लगभग हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य में हो रही देरी से आम जनता के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों ने एनएचएआई और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य को तेज गति से पूर्ण कराया जाए तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। फिलहाल क्षेत्रीय जनता को उम्मीद है कि संबंधित विभाग उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही पुलिया निर्माण कार्य पूर्ण कराएगा, जिससे आवागमन सुचारु रूप से बहाल हो सके।
0 टिप्पणियाँ