जौनपुर : असलहे के बल पर बंधक बनाकर दो महिलाओं से गैंगरेप!
✍️रिपोर्टर-मोहम्मद असलम खान
जौनपुर। जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की देर रात घर में घुसकर दो बदमाशों ने एक विकलांग अविवाहिता समेत दो महिलाओं से गैंगरेप किया और लूट को अंजाम दिया। पीड़िता ने घटना की जानकारी मुम्बई में अपने परिजनों को दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार उक्त गांव में एक परिवार के लोगों ने गांव की आबादी से दूर अपने खेत में मकान बनवा रखा है। परिवार के मुखिया की पहले मौत हो चुकी है। उनका बेटा अपने परिवार के साथ मुम्बई रहता है। उनकी 28 वर्षीय अविवाहित दिव्यांग बहन घर की देखभाल करती है। रात के वक्त युवती के साथ उनके परिवार की 45 वर्षीय एक महिला कमरे में सो रही थी। घर के पीछे लगे अमरूद का बड़ा पेड़ है।
बताया जाता है कि बीतीरात में पेड़ के सहारे दो बदमाश छत पर चढ़े और सीढ़ी के रास्ते नीचे घर में उतर गए। आधी रात में दाखिल हुए बदमाशों ने सबसे पहले कमरे में सो रही दोनों महिलाओं को असलहे के बल पर बंधक बनाया। फिर चाभी मांग कर आलमारी में रखे हजारों रुपए के गहने लूट लिये। लूट पाट को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दोनों महिलाओं के साथ आंगन की फर्श पर बारी बारी से जबरन बलात्कार किया। धमकी दी कि शोर मचाया तो जान से मार देंगे।
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश घर के मुख्य द्वार खोलकर से नकदी व माल समेत फरार हो गए।
सुबह पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिवारीजनों को दी। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में गांव के लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन व उपनिरीक्षक अजय शर्मा ने हमराही कांस्टेबलों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बाद में एसपी सिटी डॉ. संजय कुमार मौके पर पहुंच गए और जानकारी हासिल करने में जुट गए।
केराकत से मोहम्मद असलम खान की रिपोर्ट
0 टिप्पणियाँ