Header Ads Widget

भीड़भाड़ वाले इलाके में बेखौफ बदमाशों की दुस्साहसिक वारदात

भीड़भाड़ वाले इलाके में बेखौफ बदमाशों की दुस्साहसिक वारदात

शादी समारोह में जा रही महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हुए नकाबपोश, इलाके में दहशत
रिपोर्ट:नौशाद मंसूरी✍️

शाहगंज (जौनपुर)। शादियों के सीजन में जहां शहर के होटल, मैरेज हॉल और सड़कें उत्सव के रंग में रंगी हुई हैं, वहीं इसी भीड़ और चहल-पहल का फायदा उठाकर अपराधी वारदातों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। मंगलवार की रात शाहगंज नगर के सबसे व्यस्त इलाके में हुई एक घटना ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मंगलवार रात करीब नौ बजे पुरानी बाजार निवासी अनीता सोनी, पत्नी रजनीश सोनी, अपने घर से पांच अन्य महिलाओं के साथ नगर के हनुमानगढ़ी स्थित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रही थीं। जब वे चूड़ी मुहल्ला स्थित बिस्मिल्ला मार्केट के पास पहुंचीं, तभी अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अचानक महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार, छीनी गई सोने की चेन की कीमत खरीद के समय लगभग दो लाख रुपये थी, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार उसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी जा रही है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर पहलू से मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ