Header Ads Widget

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर सवाल, जांच के नाम पर औपचारिकता का आरोप

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर सवाल, जांच के नाम पर औपचारिकता का आरोप

बड़े होटलों–ढाबों पर नरमी, छोटे दुकानदारों पर सख्ती से बढ़ी आमजन की चिंता
✍️रिपोर्ट : नौशाद मंसूरी

शाहगंज (जौनपुर)। जनपद की सबसे बड़ी तहसील शाहगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग द्वारा की जा रही जांच महज़ औपचारिकता बनकर रह गई है। जहां एक ओर बड़े होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट मानकों के उल्लंघन के बावजूद कार्रवाई से बचे रहते हैं, वहीं छोटे दुकानदारों पर सख्ती दिखाई जाती है।
मिलावट और गंदगी पर विभाग की अनदेखी
नगर क्षेत्र में संचालित कई होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट साफ-सफाई, खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छ पानी जैसे बुनियादी मानकों पर खरे नहीं उतरते। इसके बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें इन प्रतिष्ठानों पर शायद ही कभी नियमित और प्रभावी जांच करती दिखाई देती हैं।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान खामियां मिलने पर भी अधिकांश मामलों में केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता पूरी कर ली जाती है, जिससे मिलावटखोरी और लापरवाही पर कोई वास्तविक अंकुश नहीं लग पा रहा है।

*चिकन–मटन दुकानों पर खुलेआम नियमों की अनदेखी*

नगर में संचालित अधिकांश चिकन और मटन की दुकानों तथा होटलों में खाद्य सुरक्षा मानकों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है।
गंदे किचन, अस्वच्छ वातावरण, बिना सुरक्षात्मक कपड़ों के भोजन तैयार करना और शुद्ध पानी की व्यवस्था न होना आम बात है। बावजूद इसके, खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से इन पर ठोस कार्रवाई न होना विभागीय निष्क्रियता पर सवाल खड़े करता है।

*छोटे दुकानदारों पर घंटों की जांच, बड़े प्रतिष्ठानों पर खानापूर्ति*

स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी छोटे दुकानों पर घंटों बैठकर जांच के नाम पर दबाव बनाते हैं, जबकि बड़े रेस्टोरेंट और ढाबों में औपचारिक निरीक्षण कर वापस लौट जाते हैं।
इस भेदभावपूर्ण रवैये से न सिर्फ छोटे दुकानदार परेशान हैं, बल्कि आम जनता को भी मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों का सेवन करना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

*जनहित में सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग*

नगरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की 
कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी प्रतिष्ठानों पर बिना भेदभाव सख्त कार्रवाई हो, ताकि आमजन को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन मिल सके।

*जांच कर होगी कार्यवाई-जिला खाद्य अधिकारी*
वहीं इस सम्बंध में पूछे जाने जिला स्तर के  खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया की सभी जगहों पर जांच पड़ताल होती हैं।अगर ऐसा कोई होटल या रेस्टोरेंट है जो मानकों के विपरीत काम कर रहे हैं तो कार्यवाई होगी।
वहीं जब अधिकारी का नाम और पद पूछा गया तो वह झल्लाकर कहे की नाम से क्या लेना देना है।
हालांकि सूत्रों से पूछने पर पता चला की जिला खाद्य अधिकारी देवासीष उपाध्याय है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ