अयोध्या मार्ग पर आधुनिक गौशाला निर्माण का शुभारंभ, भूमि पूजन सम्पन्न
एक करोड़ 65 लाख की लागत से बनेगी अत्याधुनिक गौशाला, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
गौशाला के अध्यक्ष की अनुपस्थिति बनी चर्चाओं का केंद्र
रिपोर्ट:नौशाद मंसूरी✍️
शाहगंज(जौनपुर)। नगर के अयोध्या मार्ग स्थित गौशाला भूमि पर शासन द्वारा स्वीकृत एक करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक गौशाला के निर्माण का भूमि पूजन कार्यक्रम पूरे विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नगर पालिका के सभासदों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
भूमि पूजन समारोह में विधायक रमेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रचना सिंह, उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव, चेयरमैन प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह बंटी,अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी,कानूनगो संजय सिंह, ऋतुराज चौधरी सहित दर्जनों सभासद एवं अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर गौशाला निर्माण कार्य के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की गई।
बताया गया कि प्रस्तावित आधुनिक गौशाला में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें गोवंश के लिए सुरक्षित आवास, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, चारा भंडारण, उपचार हेतु प्राथमिक पशु चिकित्सा सुविधाएं तथा साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था शामिल होगी। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गौशाला के निर्माण से क्षेत्र में गोवंश संरक्षण को मजबूती मिलेगी और सड़कों पर घूम रहे पशुओं की समस्या से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने शासन की मंशा की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती प्रदान करेगी। नगर पालिका अध्यक्ष रचना सिंह ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौशाला क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी और इसके संचालन में पारदर्शिता और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
हालांकि, भूमि पूजन कार्यक्रम में गौशाला संस्था के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच उनकी गैरहाजिरी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गौशाला निर्माण कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का भरोसा दिलाया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
0 टिप्पणियाँ