शरारती तत्वों ने कब्र पर लगा शिलापट उखाड़ा!
मां की याद में बेटे ने लगवाया था शिलापट
✍️रिपोर्ट : मोहम्मद असलम खान
केराकत, जौनपुर । केराकत नगर स्थित मोहल्ला सिपाह प्रथम के पश्चिम में स्थित सिहौली के ईदगाह के समीप कब्रिस्तान में एक मनबढ़ युवक द्वारा नेमप्लेट पत्थर उखाड़ फेंकने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
मोहम्मद कासिम उर्फ रेहान ने अपने मामा मोहम्मद अली के साथ मिलकर 15 फरवरी को अपनी दिवंगत मां फातमां की कब्र पर यादगार के रूप में एक नेमप्लेट पत्थर लगवाया था। रेहान प्रतिदिन नमाज के बाद अपनी मां की कब्र पर फातेहा पढ़ने जाते था।
27 फरवरी की शाम जब रेहान फातेहा पढ़ने कब्रिस्तान पहुंचा तो देखा कि किसी ने कब्र से नेमप्लेट पत्थर उखाड़कर फेंक दिया है।रेहान और मोहम्मद अली ने बताया कि जिस दिन नेमप्लेट पत्थर लगवाया जा रहा था, उसी दौरान कस्बे के एक युवक ने खुलेआम धमकी दी थी कि "पत्थर तो लगा रहे हो, लेकिन हम इसे उखाड़कर फेंक देंगे।" रेहान को पूरी आशंका है कि उसी युवक ने यह घटना को अंजाम दिया है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपी युवक और उसके पिता स्वयं को कब्रिस्तान का ठेकेदार बताते हैं और कौम का मसीहा होने का दावा करते हैं। इसी दंभ में वे इस तरह की हरकतें करते हैं।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
0 टिप्पणियाँ