Header Ads Widget

विराट कुश्ती दंगल में राज्यमंत्री ने किया पहलवानों का उत्साहवर्धन

विराट कुश्ती दंगल में राज्यमंत्री ने किया पहलवानों का उत्साहवर्धन

✍️रिपोर्ट : मोहम्मद असलम खान

केराकत,  जौनपुर । नई बाजार के अखाड़े पर आयोजित विराट कुश्ती दंगल में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्री गिरीश चंद्र यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया तथा पहलवानों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही जौनपुर जनपद सहित प्रदेश के सभी मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज तथा कोचिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने नई खेल नीति का गठन किया है, जिसके तहत खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य के लिए ठोस योजनाएं बनाकर लाभ पहुंचाया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि कुश्ती स्वस्थ जीवन के लिए एक अत्यंत उत्तम विधा है। खेल से मन, मस्तिष्क और शरीर तीनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने समस्त पहलवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दंगल के मुकाबलों में नरायनपुर केराकत के पहलवान सुनील यादव ने कानपुर के रवि पहलवान को मात्र चौथे मिनट में चित कर दिया। इसी प्रकार राम आशीष (अजगरा, वाराणसी) ने प्रशान्त किसान वाराणसी को, राम जनम (अजगरा, वाराणसी) ने सूरज कोनिया को, आलोक बनियापुर ने किशन मिर्जापुर को, शिवम वाराणसी ने नीरज दिल्ली को, मैत्री अजगरा ने लाल पहलवान कानपुर को तथा अमन गोबरा केराकत ने मोहित पहलवान मछलीशहर को कांटे के मुकाबले में पराजित किया। वहीं लक्ष्य-रितेश, भीम पहलवान (गाजीपुर)-नसीम पहलवान (मेरठ), निगम पहलवान (नरायनपुर)-साहिल पहलवान (दिल्ली) तथा आदेश (नई बाजार)-सचिन (कपिसा) के बीच हुए मुकाबले बराबरी पर रहे। इनके अतिरिक्त दो दर्जन से अधिक पहलवानों के मुकाबले भी बराबरी पर समाप्त हुए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पूर्व प्रमुख गोपाल सिंह, कुटीर महाविद्यालय चक्के के प्रबंधक अजयेन्द्र दूबे, पूर्व विधायक शैलेंद्र कुमार यादव 'ललई', पूर्व विधायक गुलाब चंद सरोज,  प्रमोद सिंह, विनय सिंह, संदीप सिंह, जेएमएस ग्रुप के चेयरमैन जीतेन्द्र यादव, डॉ. एस.पी. यादव, नगर पंचायत केराकत अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण कुमार जायसवाल, कृष्ण कुमार यादव, सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र सिंह पहलवान ने किया तथा रेफरी की भूमिका लक्ष्मन पहलवान ने निभाई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ