Header Ads Widget

रफ्तार का कहर: शाहगंज में खड़ी ट्रक से भिड़ी बस, एक की मौत, कई घायल

रफ्तार का कहर: शाहगंज में खड़ी ट्रक से भिड़ी बस, एक की मौत, कई घायल

रेलवे स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा, टक्कर इतनी भीषण कि तीन वाहन हुए क्षतिग्रस्त

रिपोर्ट:नौशाद मंसूरी✍️

शाहगंज (जौनपुर)। शुक्रवार सुबह शाहगंज में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब दिल्ली से बिहार जा रही एक सवारी बस ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के आगे खड़ी डीसीएम भी इसकी चपेट में आ गई। इस दुर्घटना में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

*कैसे हुआ हादसा*

सुबह के समय अयोध्या मार्ग पर रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रक और डीसीएम एफसीआई गोदाम से गेहूं लादकर जा रहे थे। रास्ते में पंचर की दुकान पर दोनों वाहन हवा भरवाने के लिए रुके थे।
इसी दौरान फैजाबाद की ओर से आ रही ‘सफर एक्सप्रेस’ बस तेज रफ्तार में पहुंची। चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे पीछे खड़ी ट्रक से जा टकराई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रक आगे खिसक गई और सामने खड़ी डीसीएम से जा भिड़ी।
कुछ ही पलों में मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी।

*हादसे में कौन-कौन घायल*


दुर्घटना में बस सवार कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें वसीम (गाजियाबाद), महेश (बलिया), दुर्गावती देवी (जौनपुर), छोटेलाल यादव (बलिया) और सुरेश यादव (बलिया) शामिल हैं। सभी को गंभीर चोटें आई हैं।

*मृतक की पहचान*

हादसे में डीसीएम चालक सुनील (52), निवासी कटघर, थाना सरपतहा, जौनपुर की मौके पर ही मौत हो गई।

*राहत और बचाव कार्य*


स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले जाया गया, जहां से कुछ को जिला अस्पताल रेफर किया गया। अन्य का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

*प्रशासन की कार्रवाई*

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। मामले की जांच जारी है।

इनसेट में
*इस सम्बंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक तेज़ बहादुर सिंह ने बताया की शुक्रवार की सुबह सफर नामक सवारी बस जो दिल्ली से आरही थी।नगर के अयोध्या मार्ग पर ट्रक से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।जिसमे एक डीसीएम चालक की मौत हो गयी और लगभग आधा दर्जन सवारी घायल हैं।चालक फरार हो गया है मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।कार्यवाई जारी है।*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ