पाइप लाइन में लिकेज ठीक करने के दौरान दो मजदूर मिट्टी से दबे, मौत
✍️रिपोर्ट मोहम्मद असलम खान
केराकत । कोतवाली क्षेत्र के देवकली बाजार स्थित चौकिया शिवालय के पास पाइपलाइन बिछाने के कार्य के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। जमीन के भीतर करीब 30 फीट गहराई में वेल्डिंग का काम कर रहे दो मजदूर अचानक मिट्टी धंसने से मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी प्रिंस कुमार (20) और निरंजन कुमार महतो (32) के रूप में हुई है। दोनों मजदूर पाइपलाइन में हुए लिकेज को ठीक करने के लिए गड्ढे के अंदर वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी भरभराकर गिर पड़ी और दोनों मजदूर नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि गड्ढा काफी गहरा था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मिट्टी ढहने के कारण हादसा होना प्रतीत हो रहा है।
0 टिप्पणियाँ