जन समस्याओं से जूझ रहा जौनपुर, सरकार और सांसद पर उठे सवाल
बिजली संकट, जर्जर सड़कें और फर्जी मीटर वसूली पर बढ़ा जनाक्रोश; आंदोलन की चेतावनी
✍️रिपोर्ट : नौसाद मंसूरी
जौनपुर । जिले में बिजली संकट, बदहाल सड़कों और फर्जी बिजली मीटर के जरिए कथित वसूली को लेकर जनता में भारी नाराजगी है। बढ़ती गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है, जबकि खराब सड़कों के कारण आवागमन भी मुश्किल हो गया है।
शुक्रवार दोपहर शहर के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान समाज विकास क्रांति पार्टी (SVKP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जिले की जनता बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधि इस ओर गंभीर नहीं हैं।
अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि फर्जी बिजली मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की जा रही है, जिससे आम लोग आर्थिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को लेकर जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, लेकिन संबंधित विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक शिकायतें पहुंचाने के बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा है। खासतौर पर स्थानीय सांसद के प्रति लोगों में निराशा बढ़ रही है और आम नागरिकों को अपनी बात पहुंचाने का कोई प्रभावी माध्यम नहीं दिख रहा।
अशोक सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने मांग की कि बिजली, सड़क और मीटर से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर जनता को राहत दी जाए।
0 टिप्पणियाँ