बारात जा रहे दूल्हे की सरेआम गोली मारकर हत्या
अपाची सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने नेशनल हाईवे पर रोकी गाड़ी, ताबड़तोड़ फायरिंग
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, दुल्हन के अधूरे रह गए अरमान
रिपोर्ट:नौशाद मंसूरी✍️
शाहगंज/खेतासराय(जौनपुर)। शाहगंज-जौनपुर नेशनल हाईवे पर खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही के पास शुक्रवार की देर रात दिल दहला देने वाली वारदात में अपाची सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बारात लेकर जा रहे दूल्हे को सरेआम गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल दूल्हे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है, वहीं शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ऊर गांव निवासी राम लखन बिंद के पुत्र आजाद बिंद (21) की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहा अंतर्गत बीबीपुर गांव निवासी गोरखनाथ बिंद की पुत्री सोनी के साथ तय थी। शुक्रवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम से खेतासराय के लिए रवाना हुई थी।
बताया जाता है कि जैसे ही दूल्हे की गाड़ी शाहगंज-जौनपुर नेशनल हाईवे पर बादशाही के पास पहुंची, पहले से घात लगाए अपाची बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने गाड़ी रुकवा ली और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली दूल्हे के पेट और मुंह में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और बाराती घायल दूल्हे को आनन-फानन में खेतासराय स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही खेतासराय, खुटहन और शाहगंज थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है। हालांकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
उधर, बीबीपुर गांव में जहां बारात पहुंचनी थी, वहां खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। डीजे की आवाज थम गई और दुल्हन के रूप में सजी सोनी बिंद के अरमान अधूरे रह गए। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा ।
0 टिप्पणियाँ