लोकतंत्र के महापर्व पर लोगों ने खूब किया मतदान
मुस्लिम महिलाओं ने रोजा व हिंदू महिलाओं ने व्रत रखकर किया मतदान
चिलचिलाती धूप और गर्मी से नहीं डिगे किसी के कदम
✍️इन्द्रजीत सिंह मौर्य/मोहम्मद अरशद
जौनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रदेश के 18 जनपदों के साथ जौनपुर में भी गुरुवार को जमकर मतदान हुआ। चैत्र रामनवमी और रमजान के पवित्र महीने में लोकतंत्र के इस महापर्व में महिलाओं ने जमकर हिस्सेदारी की। बड़े भौगोलिक क्षेत्रफल वाले जनपद जौनपुर में शाहगंज तहसील के खेतासराय, मछली शहर तहसील के मुंगरा बादशाहपुर इलाका, मड़ियाहूं, गौराबादशाहपुर इलाका और केराकत तहसील के कुछ हिस्से में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक है।
गँवई राजनीति में अपने पसंद के प्रत्याशी को मत देने के लिए मुस्लिम महिलाओं ने खूब बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की।
इबादत के पवित्र महीना रमजान में रोजा रखते हुए भी महिलाओं ने मतदान स्थल पर पहुंचकर मतदान किया, वहीं नौ दिन व्रत रहने वाली हिंदू महिलाओं ने भी सुबह पूजा अर्चना के बाद मतदान किया। खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहाँ मतदान केंद्र पर वोट डालने आई पर्दा नशी औरत फरजाना बेगम, रईसा खातून, सलमा ने बताया कि हम लोग रोजा के लिए पूरी तरह पाबंद हैं लेकिन वोट डालना जरूरी था। इसलिए रोजा रखते हुए भी मतदान किया। शाहगंज ब्लाक के मतदान केंद्र खरगीपुर गोधना में वोट डालने आई किस्मत देवी राजभर, फूला राजभर, विमला राजभर ने कहा कि हम लोग 9 दिन का व्रत रखते हैं लेकिन आज अपने पसंद के प्रत्याशी को वोट डालने के लिए हम लोग सुबह ही कतार में लग गए थे।
0 टिप्पणियाँ